रांची। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में महाराष्ट्र एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (एटीएस) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड के एक कुख्यात और फरार माओवादी को दबोच लिया है। गिरफ्तार नक्सली की पहचान संजय यादव उर्फ गोदराम के रूप में हुई है, जो संगठन में जोनल कमांडर के पद पर सक्रिय था। उस पर झारखंड सरकार द्वारा 10 लाख रुपये और बिहार सरकार द्वारा 3 लाख रुपये का इनाम घोषित था। यह कार्रवाई झारखंड पुलिस से मिले पुख्ता इनपुट के आधार पर की गई है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार संजय यादव कुल 53 गंभीर आपराधिक और नक्सली मामलों में वांछित चल रहा था। इनमें से सबसे अधिक 23 मामले झारखंड के पलामू जिले में दर्ज हैं। इसके अलावा, बिहार के औरंगाबाद में 20 और गया जिले में 10 मामले उसके खिलाफ दर्ज हैं। सुरक्षा एजेंसियां लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थीं।

गिरफ्तार माओवादी संजय यादव मूल रूप से झारखंड के पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत देवगन गांव का रहने वाला है। झारखंड और बिहार के कई जिलों में उसका आतंक रहा है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर उसके अन्य सहयोगियों और नेटवर्क के बारे में विस्तृत जानकारी जुटा रही है। इस गिरफ्तारी को सुरक्षा बलों के लिए एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।