रांची। दीपावली के त्योहार को देखते हुए रांची जिला प्रशासन और झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण परिषद ने पटाखे फोड़ने के लिए समय-सीमा तय कर दी है। बढ़ते वायु और ध्वनि प्रदूषण पर लगाम लगाने के उद्देश्य से जारी निर्देशों के अनुसार, दीपावली की रात केवल दो घंटे रात 8 बजे से 10 बजे तक ही आतिशबाजी करने की अनुमति होगी। प्रशासन ने आम जनता से नियमों का पालन करने और पर्यावरण के अनुकूल केवल ग्रीन पटाखों का ही उपयोग करने की अपील की है।

दीपावली के साथ-साथ आगामी अन्य प्रमुख त्योहारों के लिए भी समय-सारणी निर्धारित की गई है।गुरु पर्व में रात 8:00 बजे से 10:00 बजे तक,छठ पर्व में सुबह 6:00 बजे से 8:00 बजे तक और क्रिसमस एवं नया साल में रात 11:55 बजे से 12:30 बजे तक

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि तय समय-सीमा के बाद आतिशबाजी करने पर सख्त प्रतिबंध रहेगा। नियमों का कड़ाई से पालन कराने के लिए पुलिस और प्रशासनिक टीम मुस्तैद रहेगी। रात 10 बजे के बाद या जारी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करते पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रदूषण नियंत्रण परिषद ने लोगों से बुजुर्गों, बच्चों और पड़ोसियों की सुविधा व स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की है।