रामगढ़। जिला पुलिस ने गुम और खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन भरोसा’ के तहत एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। अभियान के चौथे चरण में शुक्रवार 30 अक्तूबर 2026 पुलिस ने कुल 56 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया गया है। इसके साथ ही पिछले चार महीनों में रामगढ़ पुलिस ने कुल 301 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस किया है। मौके पर पुलिस अधीक्षक, रामगढ़ एसडीपीओ, मुख्यालय डीएसपी समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे।
आमजनों में पुलिस के प्रति विश्वास को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से रामगढ़ पुलिस द्वारा अगस्त 2026 से ‘ऑपरेशन भरोसा’ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसके तहत गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक रामगढ़ मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर जिले के सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को गुम हुए मोबाइल से संबंधित दर्ज सनहा तथा सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर विशेष अभियान चलाकर मोबाइल बरामद करने का निर्देश दिया गया है।
इसी क्रम में जिले के सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में गुम हुए मोबाइल फोन की खोजबीन की गई। अभियान के चौथे चरण में रामगढ़ जिला एवं जिले के बाहर से कुल 56 मोबाइल फोन बरामद किए गए। बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द कर दिए गए।
थाना एवं ओपीवार बरामद मोबाइल की संख्या इस प्रकार है।
रामगढ़ थाना – 10 मोबाइल
रजरप्पा थाना – 06 मोबाइल
पतरातू थाना – 05 मोबाइल
मांडू थाना – 08 मोबाइल
गोला थाना – 03 मोबाइल
भुरकुंडा ओपी – 04 मोबाइल
बरकाकाना ओपी – 03 मोबाइल
बरलंगा थाना – 05 मोबाइल
बरवाटोला थाना – 03 मोबाइल
कुजू ओपी – 03 मोबाइल
वेस्ट बोकारो ओपी – 05 मोबाइल
भदानीनगर ओपी – 01 मोबाइल
इस प्रकार कुल 56 मोबाइल फोन बरामद किए गए।
उल्लेखनीय है कि रामगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन भरोसा’ के प्रथम चरण में 125 मोबाइल, दूसरे चरण में 59 मोबाइल, तीसरे चरण में 61 मोबाइल तथा चौथे चरण में 56 मोबाइल बरामद किए गए हैं। इस तरह चार चरणों में अब तक कुल 301 गुम हुए मोबाइल बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे जा चुके हैं।
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने अभियान के दौरान उपस्थित आमजनों को सीईआईआर पोर्टल के उपयोग एवं गुम हुए मोबाइल फोन की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि वे अपने परिवार, मित्रों एवं परिचितों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
मोबाइल प्राप्त करने वाले लोगों ने रामगढ़ पुलिस के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए पुलिस के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया। रामगढ़ पुलिस ने कहा कि भविष्य में भी आमजनों की सेवा, गुम हुई संपत्ति की बरामदगी तथा जनविश्वास को मजबूत करने के लिए ऐसे अभियान लगातार संचालित किए जाते रहेंगे।
