जमशेदपुर। जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र के जोन नंबर-02, रोड नंबर-01 स्थित ओमनगर में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। रामगढ़ पुलिस ने बिरसानगर पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर एक किराए के मकान से भारी मात्रा में अवैध सामान और कई युवकों को पकड़ा है।

मिली जानकारी के अनुसार बारीडीह निवासी के. राम के मकान में 5 से 7 युवक किराए पर रह रहे थे। आरोप है कि ये युवक इसी मकान से देश के विभिन्न राज्यों के लोगों को अपना शिकार बनाकर साइबर ठगी को अंजाम दे रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 90 एटीएम कार्ड, 10 बैंक पासबुक और लगभग 50 मोबाइल फोन बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में बैंक ऑफ महाराष्ट्र से जुड़े करीब 45 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आ रहा है।

बताया जा रहा है कि रामगढ़ साइबर थाने में साइबर ठगी की एक शिकायत दर्ज की गई थी, जिसके आधार पर पुलिस तकनीकी अनुसंधान करते हुए जमशेदपुर के बिरसानगर तक पहुंची। स्थानीय पुलिस के सहयोग से यह संयुक्त कार्रवाई की गई। पुलिस अब बरामद किए गए मोबाइलों और एटीएम कार्ड्स की फोरेंसिक जांच कर रही है ताकि इस पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य आरोपियों का पता लगाया जा सके।

फिलहाल, पकड़े गए युवकों की आधिकारिक संख्या, उनकी पहचान और इस ठगी के तार कहां-कहां जुड़े हैं, इस संबंध में पुलिस के आधिकारिक बयान का इंतजार है।