​रांची। राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में पिछले 24 घंटों के दौरान हत्या, गोलीबारी और आत्महत्या जैसी कई घटनाएं सामने आई हैं, जिससे पूरे जिले में दहशत का माहौल है।

​मांडर में जमीन विवाद को लेकर डेयरी फार्म में राम उरांव की गोली मारकर हत्या

​मांडर थाना क्षेत्र के टिको गांव स्थित एक डेयरी फार्म में गुरुवार देर रात जमीन विवाद के चलते राम उरांव नाम के व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार, राम उरांव और कारु सिंह के बीच पिछले कई वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। गुरुवार रात आरोपी कारु सिंह हथियार लेकर डेयरी फार्म पहुंचा और राम उरांव का इंतजार करने लगा। जैसे ही राम उरांव वहां पहुंचे, कारु सिंह ने उन पर अंधाधुंध गोली चला दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

होटल कर्मी राहुल की हत्या से फूटा लोगों का गुस्सा, पिठोरिया चौक जाम

​पिठोरिया थाना क्षेत्र में होटल कर्मी राहुल की हत्या के बाद स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने पिठोरिया चौक को पूरी तरह जाम कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी अपराधियों की तुरंत गिरफ्तारी और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं। मुख्य चौक पर सड़क जाम होने के कारण काफी देर तक आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा।

​प्रेम नगर में कोयला कारोबारी के घर 6 से अधिक राउंड फायरिंग, राहुल दुबे गैंग ने ली जिम्मेदारी

​रांची जिला अंतर्गत कांके थाना क्षेत्र के प्रेम नगर में अपराधियों ने संजय करमाली के घर को निशाना बना कर अंधाधुंध फायरिंग की। शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे गोलियों की तड़तड़ाहट से लोग सिहर उठे। यहां एक कोयला कारोबारी के घर पर बेखौफ अपराधियों ने आधा दर्जन से अधिक राउंड अंधाधुंध फायरिंग की। घटना के बाद अपराधियों ने मौके पर एक पर्चा छोड़कर वारदात की जिम्मेदारी ली। पर्चे के अनुसार यह फायरिंग 'राहुल दुबे गैंग' द्वारा की गई है। बताया जा रहा है कि कारोबारी को पहले भी धमकी दी गई थी। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

​डंगराटोली में रिटायर्ड प्रोफेसर के घर नाबालिग घरेलू सहायिका ने लगाई फांसी

​लोअर बाजार थाना क्षेत्र के डंगराटोली में शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना घटी। डोरंडा कॉलेज के रिटायर्ड प्रोफेसर एनपी लकड़ा के आवास पर काम करने वाली एक नाबालिग नौकरानी ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका मूल रूप से लातेहार जिले की रहने वाली बताई जा रही है। सूचना मिलते ही लोअर बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। नाबालिग ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।