जामताड़ा। नारायणपुर थाना क्षेत्र के नौहथिया गांव में गुरुवार की रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद के बाद एक पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और फिर खुद को भी घायल कर लिया। पुलिस मामले की गहन छानबीन में जुटी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी मनोज रजवार गुरुवार सुबह करीब 10 बजे अपने एक रिश्तेदार के घर से लौटा था। रात में खाना खाने के बाद किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि मनोज ने आपा खो दिया और पहले अपनी पत्नी बसंती देवी को बिजली का करंट से झटका दिया। इसके बाद भी जब उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ, तो उसने टांगी से वार कर उसकी हत्या कर दी।
पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी पति ने चाकू से अपने गले पर भी वार कर लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
वारदात की सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घायल पति को पुलिस की निगरानी में इलाज व आगे की प्रक्रिया के लिएू संभाला जा रहा है। इस सनसनीखेज घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है।
