चतरा। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चतरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद ब्राउन शुगर की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गिद्धौर थाना क्षेत्र के पहरा गांव निवासी प्रिंस कुमार (20 वर्ष) के रूप में हुई है।

सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहब ने बताया कि चतरा एसपी अनिमेष नैथानी को तड़के गुप्त सूचना मिली थी कि सलीमपुर मैदान के पास दो लोग ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के लिए पहुंचने वाले हैं। सूचना के आधार पर उनके नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार प्रिंस कुमार को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 15 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। वहीं, उसका एक अन्य साथी जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। एसडीपीओ ने बताया कि बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये है। मामले में गिद्धौर थाना कांड संख्या 84/26, दिनांक 17 अगस्त 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(बी), 21(बी), 22(बी), 27(ए), 28 और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।