देवघर। शहर के कोर्ट रोड स्थित स्थानीय होटल में भारतीय जनता युवा मोर्चा की बैठक भाजयुमो जिलाध्यक्ष आशीष दुबे की अध्यक्षता में हुई। इसमें भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज मौजूद थे। प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने कहा झारखंड की वर्तमान सरकार ने युवाओं को रोजगार, अवसर और सम्मान देने के बजाय उन्हें निराशा और हताशा के गर्त में धकेल दिया है। अब युवा इस सरकार की विफलताओं को चुपचाप सहने वाला नहीं है। भाजयुमो युवाओं की आवाज बनकर सड़क से सदन तक इस भ्रष्ट और जनविरोधी सरकार के खिलाफ निर्णायक संघर्ष करेगा। झारखंड की युवा शक्ति अब सरकार की विफलताओं के खिलाफ निर्णायक लड़ाई के लिए तैयार है। सत्ता के संरक्षण में चल रही अव्यवस्थाओं और भ्रष्टाचार के खिलाफ भाजयुमो का आंदोलन अब और तेज होगा। भाजयुमो जिला अध्यक्ष आशीष दुबे ने कहा प्रदेश अध्यक्ष के मार्गदर्शन में भाजयुमो देवघर झारखंड की भ्रष्ट, निकम्मी और जनविरोधी सरकार के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष करेगा। कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री संजीव पटेल, संथाल परगना के प्रभारी रविन्द्र तिवारी, भाजयुमो के पूर्व ज़िलाध्यक्ष अतुल सिंह समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।