रांचीः राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने गुरुवार को राँची क्लब, राँची में आयोजित ‘स्वर्णिम भारत एक्सपो 2026’ का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने हुए कहा कि भारत विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, आधारभूत संरचना और डिजिटल सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है। राज्यपाल ने युवाओं की भूमिका पर बल देते हुए कहा कि उनका ज्ञान, कौशल और रचनात्मकता देश की प्रगति को नई दिशा दे सकते हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा शिक्षा, खेल, कौशल विकास एवं रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया। इस संदर्भ में उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखना और उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह एक्सपो नागरिकों को सरकारी योजनाओं, आधुनिक तकनीक तथा रोजगार एवं कौशल विकास से जुड़े अवसरों की जानकारी प्रदान करने में उपयोगी सिद्ध होगा। मौके पर केंद्रीय मंत्री संजय सेठ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सांसद आदित्य साहू ने स्वर्णिम भारत एक्सपो 2026 को भारत की गौरवशाली विकास यात्रा को जन-जन तक पहुँचाने में कारगर प्रयास बताया। संजय सेठ ने कहा कि यह एक्सपो विकसित भारत के संकल्प को जनभागीदारी से जोड़ने और राष्ट्र निर्माण की यात्रा में प्रत्येक नागरिक की भूमिका को रेखांकित करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। मौके पर विधायक सी.पी. सिंह, राँची की महापौर रौशनी खलखो, उपमहापौर नीरज कुमार सहित अन्य गणमान्य अतिथि भी उपस्थित थे।