देवघर। जिले के देवीपुर प्रखण्ड अंतर्गत उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय भवन, अमजो में 1.45 करोड़ की लागत निर्मित अत्याधुनिक साइंस सेंटर का उद्घाटन झारखण्ड सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण तथा जल संसाधन विभाग के मंत्री हफीजुल हसन ने किया। गया। मौके पर जिला परिषद् की अध्यक्ष किरण कुमारी, डीसी सौरभ कुमार भुवानिया, डीडीसी पीयूष सिन्हा, एस़ीओ रवि कुमार, डीपीआरओ राहुल कुमार भारती, जिला शिक्षा अधीक्षक मधुकर कुमार, जिला परिषद् सदस्य लक्ष्मी देवी, देवीपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी देवीपुर, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी व संबंधित अधिकारी व कर्मी आदि उपस्थित थे। मंत्री ने कहा की शिक्षा और आधुनिक तकनीक आज के युग की सबसे बड़ी जरूरत हैं। झारखण्ड के ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें सही मंच और संसाधन मिलने चाहिए। यह साइंस सेंटर देवघर और आसपास के ग्रामीण इलाकों के बच्चों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। यहां मौजूद थ्री डी प्रिंटर, रोबोटिक्स किट, ड्रोन प्रोटोटाइप और तारामंडल जैसी आधुनिक सुविधाएं हमारे बच्चों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने के योग्य बनाएंगी। मंत्री ने विशेष रूप से बच्चों और अभिभावकों को प्रेरित करते हुए आगे कहा की आज के डिजिटल युग में तकनीक का सही इस्तेमाल बहुत जरूरी है। बच्चों से अपील करता हूं कि वे मोबाइल फोन और सोशल मीडिया की आभासी दुनिया से उचित दूरी बनाए रखें और अपना पूरा ध्यान अपनी पढ़ाई की ओर लगाएं। इस नवनिर्मित साइंस सेंटर का सही और सकारात्मक उपयोग करें। यहां आकर वैज्ञानिक प्रयोगों को समझें, नई तकनीक सीखें और अपने भीतर के वैज्ञानिक को जगाएं, ताकि आप भविष्य में राज्य और देश का नाम रोशन कर सकें। आगे उन्होंने कहा कि साइंस सेंटर को चार प्रमुख सेक्शन में बांटा गया है। इसमें एक्टिविटी हॉल, भारत की अंतरिक्ष विरासत, इंडियन साइंस एंड टेक्नोलॉजी और एंटरटेनमेंट गैलरी शामिल हैं। डीसी सौरभ कुमार भुवानिया ने शिक्षा के क्षेत्र में इस सेंटर की महत्ता पर प्रकाश डाला और एक महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस साइंस सेंटर की स्थापना से स्थानीय बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित होगा और उन्हें आधुनिक तकनीक व विज्ञान को करीब से समझने का अवसर मिलेगा। इसे ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा जिले के सभी सरकारी स्कूलों के बच्चों को इस साइंस सेंटर का 'एक्सपोजर विजिट' (शैक्षणिक भ्रमण) कराया जाएगा। इस विजिट के माध्यम से हमारे सरकारी स्कूलों के छात्र यहां आकर इन आधुनिक वैज्ञानिक उपकरणों को साक्षात देख सकेंगे और स्वयं प्रयोग करके सीख सकेंगे, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में जमीनी स्तर पर शिक्षा और नवप्रवर्तन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि जिला विज्ञान केंद्र में केंद्र के सिद्धांतों को विभिन्न वैज्ञानिक प्रदर्शों, उपकरणों के माध्यम से छात्र-छात्राओं को अपने वैज्ञानिक ज्ञान का अधिकतम उपयोग करने एवं वैज्ञानिक सोच बढ़ाने में सहायता मिलेगी। साथ ही जिला विज्ञान केंद्र में बच्चों की सुविधा के अनुरूप फन साईंस गैलरी इंफिनिटी वेल, प्रैक्सिनोस्कोप, क्लीडोस्कोप,प्रोबब्लिटी कर्व, पैथागोरस थ्योरम, पिन हॉल कैमरा के अलावा साईंस पार्क- पुल्ली लिफ्ट्स लोड, वेल्यू ऑफ पीआई, लूप द लूप, लीवर रिड्यूसेस इफोर्ट, हू विल विन द रेस, टग ऑफ वार, रोलर कास्टर, टेलिस्कोप, इन्नोवेशन हब आदि का निर्माण कराया गया है।