रांची। रांची रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के दौरान यात्रियों की सुविधा तथा स्टेशन परिसर एवं आसपास की सड़कों पर यातायात का दबाव कम करने के उद्देश्य से शुक्रवार को फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल ने डीआरएम करुणानिधि सिंह से मुलाकात कर चर्चा की। इस दौरान तुलसी पटेल ने कहा कि रांची रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 के पुराने भवन को तोड़कर नया निर्माण कार्य शुरु होने के दौरान यात्रियों के आवागमन एवं वाहनों के दबाव में वृद्धि होगी। प्रतिनिधिमंडल ने सुझाया कि मुरी की ओर से आने वाली ट्रेनों का ठहराव नामकोम रेलवे स्टेशन और लोहरदगा की ओर से आने वाली ट्रेनों का ठहराव पिस्का स्टेशन पर करने की संभावनाओं पर विचार किया जाए। डीआरएम ने रांची स्टेशन के पुराने भवन के निर्माण कार्य के दौरान रांची रेल मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए की जा रही व्यवस्थाओं से अवगत कराया। चैम्बर अध्यक्ष के आग्रह पर उन्होंने आश्वस्त किया कि पुराने प्लेटफॉर्म के भवन को एक साथ नहीं बल्कि क्रमवार तरीके से हटाया जाएगा, ताकि यात्रियों को असुविधा न हो। यात्रियों की सुविधा के लिए पुराने प्लेटफॉर्म संख्या-1 के बाहर फूड प्लाजा के पास टिकट काउंटर की व्यवस्था उपलब्ध रहेगी। इसके अतिरिक्त, पार्सल कार्यालय की ओर से भी यात्रियों के आवागमन की व्यवस्था रहेगी। फुट ओवरब्रिज यथावत रहेगा जिससे यात्रियों को स्टेशन परिसर में आने-जाने में सुविधा होगी।