रांची। जन्मजात हृदय रोग से पीडि़त बच्चों का राज्य सरकार इलाज करायेगी। इस उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग एवं अमृता हॉस्पिटल, कोच्चि के संयुक्त तत्वावधान में रिम्स ऑडिटोरियम में 'गिफ्ट ऑफ लाइफ' कार्यक्रम का उद्घाटन स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने किया। राज्य के विभिन्न जिलों से आए लगभग 287 बच्चों की विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने स्क्रीनिंग की। जिन 100 बच्चों में जन्मजात हृदय रोग की पुष्टि हुई, उन्हें आगे की जांच और उपचार के लिए कोच्चि भेजा जाएगा। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जरूरत के अनुसार 5 से 10 लाख रुपये और गंभीर मामलों में 10 से 15 लाख रुपये तक के उपचार का खर्च सरकार वहन करेगी। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि अगले एक वर्ष में आवश्यक विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति और आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की खरीद की दिशा में काम किया जाएगा।