रांची। सुकुरहुट्टू स्थित हवेली बैंक्वेट हॉल में आयोजित भाजपा झारखंड प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के दूसरे दिन 'राजनीतिक प्रस्ताव-2' सर्वसम्मति से पारित किया गया। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी द्वारा प्रस्तुत इस प्रस्ताव का अनुमोदन पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, मधु कोड़ा, विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी एवं मंजू कुमारी ने किया।
प्रस्ताव में हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए इसे 'ठगुआ सरकार' करार दिया गया।
प्रस्ताव में कहा गया है कि युवाओं को पांच लाख नौकरियां, बेरोजगारी भत्ता, और महिलाओं को सम्मान राशि देने के वादे पूरे नहीं हुए। राज्य में भ्रष्टाचार और खनिज संपदा की लूट जोरों पर है।
घुसपैठ के कारण संथाल परगना और अन्य क्षेत्रों में बदलती डेमोग्राफी और आदिवासियों की भूमि पर कब्जे को लेकर गंभीर चिंता जताई गई।
राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, अपराध, और प्राइमरी स्कूलों के बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ का आरोप लगाया गया।
भाजपा ने इन जनविरोधी नीतियों और विफलताओं के खिलाफ राज्यव्यापी जनजागरण और लोकतांत्रिक संघर्ष तेज करने का निर्णय लिया है।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा व रघुवर दास सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
28 अक्टूबर से झारखंड में भाजपा चलाएगी 'लोकतंत्र बचाओ अभियान', हेमंत सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरेगी पार्टी
रांची।राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मिले दिशानिर्देशों के बाद प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पूरी तरह रेस में आ गई है। पार्टी राज्यभर में जनता के बीच जाकर हेमंत सोरेन सरकार की नाकामियों को उजागर करेगी और सड़कों पर विरोध-प्रदर्शन करेगी। इसके तहत 28 अक्टूबर से भाजपा पूरे झारखंड में 'लोकतंत्र बचाओ अभियान' शुरू करने जा रही है। रांची में आयोजित दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के समापन पर यह निर्णय लिया गया।
एक संवाददाता सम्मेलन में इसकी जानकारी देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि पिछले चुनाव में मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा को 69 लाख वोट मिले थे, जबकि महागठबंधन (झामुमो, कांग्रेस, राजद) को 74 लाख वोट मिले थे। उन्होंने भरोसा जताया कि जो कमी रह गई थी, उसे दूर कर वर्ष 2029 के चुनाव में भाजपा राज्य में फिर से अपनी सरकार बनाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि 'लोकतंत्र बचाओ अभियान' के तहत राज्य के सभी 24 जिलों में पदयात्रा निकाली जाएगी, ताकि झामुमो-कांग्रेस-राजद के "झूठ" का पर्दाफाश जनता के सामने किया जा सके। इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य और बढ़ते भ्रष्टाचार के विरोध में पार्टी राज्य के 595 मंडलों में व्यापक आंदोलन करेगी।
आदित्य साहू ने हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य सरकार अपनी असफलताओं को छिपा रही है और स्थानीय युवाओं की नौकरियां बाहरी छात्रों को बेच रही है।
केंद्र के 'खान एवं खनिज संशोधन विधेयक 2026' (एमएमडीआर) का विरोध राज्य सरकार केवल इसलिए कर रही है ताकि कोयले की चोरी जारी रखी जा सके।
सरकार स्थानीय नीति, 1932 खतियान और आरक्षण के वादों को पूरा करने में पूरी तरह विफल रही है।
बिना ‘ट्रिपल टेस्ट’ कराए और ओबीसी को आरक्षण दिए बिना चुनाव कराने के फैसले का भाजपा कड़ा विरोध करेगी।
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पूर्व मुख्यमंत्रियों, सांसदों, विधायकों और राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान राजनीतिक प्रस्ताव पारित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के सफल कार्यकाल के लिए उन्हें बधाई दी गई। कार्यक्रम के दौरान नितिन नबीन सहित सभी वरिष्ठ नेताओं ने पीएम मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम को भी सुना।
वहीं, पार्टी के भीतर गुटबाजी की खबरों को खारिज करते हुए आदित्य साहू ने कहा कि कार्यसमिति की बैठक में 95 प्रतिशत कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ही इस बात का प्रमाण है कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है।
