बोकारो। झारखंड राज्य परिषद एटक की बैठक रविवार को बोकारो इस्पात कामगार यूनियन के एटक कार्यालय में कामरेड लखन लाल महतो की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में एटक के 43वें अखिल भारतीय राष्ट्रीय सम्मेलन के लिए प्रतिनिधियों का चुनाव किया गया। झारखंड से सम्मेलन में 50 प्रतिनिधि भाग लेंगे, जिनमें बोकारो स्टील प्लांट के 10 प्रतिनिधि शामिल होंगे।

बैठक को संबोधित करते हुए राज्य एटक के महामंत्री कामरेड अशोक यादव ने कहा कि देश में राजनीतिक उथल-पुथल के बीच नागरिकता और मतदान के अधिकार को लेकर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के बहाने मतदाता सूची से लोगों के नाम हटाए जा रहे हैं और इससे नागरिकों के संवैधानिक मतदान अधिकार पर हमला हो रहा है।

उन्होंने कहा कि स्थायी रोजगार के स्थान पर ठेका और अस्थायी रोजगार का विस्तार किया जा रहा है। इससे ट्रेड यूनियनों की सामूहिक सौदेबाजी की क्षमता सीमित करने का प्रयास हो रहा है। सार्वजनिक क्षेत्र के निजीकरण की नीतियां भी श्रमिक आंदोलन के सामने गंभीर चुनौती पेश कर रही हैं।

अशोक यादव ने कहा कि इन चुनौतियों का मुकाबला एकताबद्ध संघर्ष से ही किया जा सकता है। देश और दुनिया में चल रहे आंदोलन बदलाव की उम्मीद और नई संभावनाओं को सामने ला रहे हैं। उन्होंने श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुटता बनाए रखने पर जोर दिया।

बैठक में रामाश्रय प्रसाद सिंह, पशुपति कॉल, रामजी शाह, अंबुज कुमार ठाकुर, सत्येंद्र कुमार, हीरा, आरकेएन विंध्याचल बेदिया, आनंद प्रकाश, सोनिया देवी, नरेश मंडल, बीके सिंह, इफ्तिखार मोहम्मद, आईडी प्रसाद, एमपी सिंह, प्राण सिंह, आरएस दे, आरआर दास, एचजी राय, अबू नसर और धनंजय शर्मा सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित थे।