रांची। पूर्वी-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी पर बना 'अवदाब' अब तीव्र होकर 'गहन अवदाब (डीप डिप्रेशन)' में बदल गया है। मौसम विभाग के अनुसार, इसके 26 अक्टूबर की सुबह तक 'चक्रवाती तूफान' और 27 अक्टूबर की सुबह तक 'प्रचंड चक्रवाती तूफान' में तब्दील होने की प्रबल आशंका है।
यह तूफान 28 अक्टूबर की दोपहर से पहले आंध्र प्रदेश के बापटला और विशाखापत्तनम के बीच तट को पार (लैंडफॉल) करेगा, जहां हवा की गति 115 से 140 किमी/घंटा तक हो सकती है।
इस चक्रवाती तूफान का असर झारखंड में भी 27 अक्टूबर की शाम से दिखने लगेगा। 28 और 29 अक्टूबर को राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 30 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और वज्रपात को लेकर भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
