बोकारो। भारत विकास परिषद, बोकारो उत्तर शाखा की ओर से शनिवार को केंद्रीय विद्यालय-1, सेक्टर-4 में ‘भारत को जानो’ प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें बोकारो की 15 टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के जूनियर और सीनियर, दोनों वर्गों में एमजीएम हायर सेकेंडरी स्कूल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

जूनियर वर्ग (कक्षा 6 से 8) में एमजीएम हायर सेकेंडरी स्कूल प्रथम, दिल्ली पब्लिक स्कूल, सेक्टर-4 द्वितीय और चिन्मया विद्यालय तृतीय स्थान पर रहा। वहीं, सीनियर वर्ग (कक्षा 9 से 12) में भी एमजीएम हायर सेकेंडरी स्कूल ने पहला स्थान हासिल किया। दिल्ली पब्लिक स्कूल दूसरे और चिन्मया विद्यालय तीसरे स्थान पर रहा। प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता और स्वामी विवेकानंद के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित करने तथा वंदेमातरम के सामूहिक गायन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि प्रफुल्ल कुमार झा और विशिष्ट अतिथि दिलीप कुमार भांजा ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। अतिथियों ने भारत विकास परिषद की ओर से किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

परिषद के अध्यक्ष लम्बोदर उपाध्याय ने कहा कि विद्यार्थियों में देशभक्ति, भारतीय संस्कृति और राष्ट्रीय गौरव की भावना विकसित करने के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। परिषद स्वच्छ, समृद्ध, संस्कारित और देशभक्तिपूर्ण भारत के निर्माण के लिए कार्य कर रही है।

प्रतियोगिता का संचालन लम्बोदर उपाध्याय ने क्विज मास्टर के रूप में किया। संजय सिन्हा ने कार्यक्रम का संचालन किया और परिषद की गतिविधियों की जानकारी दी। सुजाता राय ने प्रतियोगिता के उद्देश्य तथा सुनीता सिन्हा ने प्रश्नोत्तरी के प्रारूप के बारे में बताया। अतिथियों का स्वागत तिलक और बैज लगाकर किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्कार प्रांत संयोजक बीबी दास, यशपाल, कोषाध्यक्ष आरपी सिन्हा, संस्कार संयोजक शशि लांबा, संध्या सिन्हा, कीर्ति, अर्चना, इंद्राणी, पद्मावती, पाठक और राज सहित परिषद के अन्य सदस्यों ने योगदान दिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।