गिरिडीह।जिले के बिरनी-सरिया थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। रविवार देर शाम निमाटांड़ गांव के पास एक कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार ट्रेलर के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंस गई। इसके बावजूद असंवेदनशील ट्रेलर चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय उसे करीब छह किलोमीटर दूर बिरनी थाना क्षेत्र के मंझिलाडीह गांव तक घसीटते हुए ले गया और अंत में वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

​इस हादसे में कार चला रहे 45 वर्षीय महेश यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार अन्य दो लोग— भुवनेश्वर यादव और बंशी यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।

​मंझिलाडीह गांव में ट्रेलर में फंसी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कार को देखकर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलते ही बिरनी थाना प्रभारी आकाश भारद्वाज पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।

​पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से हथौड़े से कार के हिस्से को तुड़वाया और उसमें फंसे लोगों को बाहर निकलवाया। हालांकि, तब तक कार चालक महेश यादव दम तोड़ चुके थे। पुलिस ने घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया और मौके पर जेसीबी मंगवाकर काफी मशक्कत के बाद ट्रेलर में फंसी कार को बाहर निकाला।

​घायलों ने पुलिस को जानकारी दी कि वे सभी सरिया थाना क्षेत्र के केशवारी से अपने घर वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में निमाटांड़ के पास यह हादसा हो गया।

​थाना प्रभारी आकाश भारद्वाज ने बताया कि दुर्घटना में शामिल दोनों वाहनों (कार और ट्रेलर) को जब्त कर लिया गया है। फरार ट्रेलर चालक की तलाश के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।