रांची। झारखंड प्रदेश राजीव गांधी विचार समिति के तत्वावधान में शनिवार को पुराना विधानसभा सभागार, रांची में “राजीव गांधी एवं 21वीं सदी” विषय पर भव्य सेमिनार एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विशिष्ट व्यक्तियों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि राजीव गांधी ने भारत को 21वीं सदी में ले जाने का जो सपना देखा था, वह आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उन्होंने कंप्यूटर, दूरसंचार, विज्ञान, तकनीक और युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने की जो दूरदृष्टि दिखाई, उसने आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखी। आज देश जिस तकनीकी परिवर्तन की ओर बढ़ रहा है, उसमें राजीव गांधी की सोच की स्पष्ट छाप दिखाई देती है। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कहा कि राजीव गांधी केवल एक प्रधानमंत्री नहीं, बल्कि आधुनिक भारत के दूरद्रष्टा नेता थे। उन्होंने राजनीति को नई पीढ़ी से जोड़ा और भारत को तकनीकी क्रांति की दिशा में आगे बढ़ाया। एडवोकेट हृदयानंद मिश्र ने कहा कि राजीव गांधी ने अपने अल्प राजनीतिक जीवन में भारत के भविष्य की जो रूपरेखा प्रस्तुत की थी, वह आज भी देश के विकास का महत्वपूर्ण आधार है। राज्य गौ सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि राजीव गांधी की विचारधारा आज की युवा पीढ़ी को वैज्ञानिक सोच, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करती है। मौके पर पूर्व मंत्री बंधु तिर्की, रांची नगर निगम की पूर्व मेयर रमा खलखो सहित अन्य भी उपस्थित थे।