रांची। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने बुधवार को नामकोम स्थित दिव्यांगजनों की संस्था 'दीपशिखा' के नवनिर्मित सूचना केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने संस्था की विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया और बच्चों से मिलकर उनका उत्साहवर्धन किया। राज्यपाल ने दीपशिखा संस्था के सामाजिक प्रयासों की सराहना करते हुए अपने विवेकाधीन अनुदान मद से संस्था को ₹1 लाख देने की घोषणा की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि दिव्यांगजनों में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। यदि उन्हें उचित अवसर और अनुकूल वातावरण मिले, तो वे हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।
उन्होंने जोर देकर कहा कि दिव्यांगजनों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा, कौशल विकास, स्वास्थ्य, खेलकूद, रोजगार और सामाजिक सहभागिता में समान अवसर प्रदान करना अनिवार्य है। उन्हें सम्मान, आत्मनिर्भरता और बराबरी का हक देना सरकार, प्रशासन, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
