रांची। रांची में जलस्रोतों के संरक्षण, सरकारी भूमि के बेहतर उपयोग और नागरिकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में नगर निगम ने एक बड़ी पहल शुरू की है। नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने बुधवार को निगम की टीम के साथ धुर्वा, जगन्नाथपुर और बांधगाड़ी क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। विभिन्न तालाबों एवं सरकारी भूमि के समग्र विकास की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर के तालाबों और सरकारी जमीन को केवल खाली स्थान के रूप में नहीं, बल्कि जल संरक्षण, हरियाली, नागरिक सुविधाओं और सार्वजनिक उपयोग के महत्वपूर्ण संसाधन के रूप में विकसित किया जाएगा। वार्ड संख्या 38 के धुर्वा बस स्टैंड क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने आश्रय गृह, सामुदायिक शौचालय, तालाब एवं आसपास के क्षेत्र का जायजा लिया। उन्होंने आश्रय गृह के पीछे स्थित तालाब के जीर्णोद्धार के लिए बाउंड्री वॉल, पेवर ब्लॉक, एवं अन्य सौंदर्यीकरण कार्यों को शामिल करते हुए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा। इसका उद्देश्य तालाब को बेहतर स्वरूप देने के साथ आसपास के क्षेत्र को नागरिकों के लिए उपयोगी एवं आकर्षक बनाना है। न्यू कॉलोनी जगन्नाथपुर मंदिर के समीप स्थित दो तालाबों का निरीक्षण करते हुए नगर आयुक्त ने अधिकारियों को समग्र विकास योजना तैयार करने का निर्देश दिया।

उन्होंने तालाबों के आसपास लैंडस्केपिंग, प्लांटेशन, पार्किंग और नाइट मार्केट जैसी सुविधाओं की संभावनाओं का अध्ययन कर कार्ययोजना तैयार करने को कहा। तालाबों एवं आसपास की सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए हटाने का भी निर्देश दिया।बाँधगाड़ी में उन्होंने भूमि के एक हिस्से में तालाब निर्माण, ग्रीन पैच विकसित करने तथा पूरे क्षेत्र में बेहतर साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। नगर आयुक्त ने कहा कि रांची के जलस्रोतों एवं सरकारी भूमि का संरक्षण और उनका जनोपयोगी विकास नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। तालाबों का जीर्णोद्धार केवल जलस्रोतों के संरक्षण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इनके आसपास हरित क्षेत्र, बेहतर नागरिक सुविधाएं और सौंदर्याकरण विकसित कर इन्हें शहर के उपयोगी सार्वजनिक स्थलों के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि का अतिक्रमण रोकते हुए उसका सुनियोजित उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा| निरीक्षण के दौरान सहायक नगर आयुक्त, कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता सहित निगम के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।