रांची। लोक भवन में क्रिएटिव यूनिक डिस्कवरी प्लेटफॉर्म, गुमला के मेधावी और रचनात्मक विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि प्रतिभा किसी शहर या गाँव की मोहताज नहीं होती है। छोटे शहरों और दूर-दराज के क्षेत्रों के युवा भी अपनी मेहनत से बड़ी सफलता हासिल कर सकते हैं।
राज्यपाल ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। नियमित परिश्रम, अनुशासन और समय का सदुपयोग ही सफलता की मजबूत नींव हैं। शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक लाना नहीं, बल्कि ज्ञान, समझ और अच्छे संस्कार विकसित करना है।
उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद में भाग लें, मोबाइल का सीमित उपयोग करें और ईमानदारी, विनम्रता जैसे अच्छे संस्कार अपनाकर एक अच्छे इंसान बनें।
युवाओं से 'विकसित भारत@2047' के निर्माण में सक्रिय योगदान देने और परिवार, समाज व देश का गौरव बढ़ाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाते हुए युवाओं को खुद नशे से दूर रहने तथा समाज को इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की प्रेरणा दी।
