देवघर। पुलिस बनकर वाहन चालकों से कागजात चेकिंग के नाम पर लूटपाट करने के आरोप में मोहनपुर पुलिस ने दो शातिर मुकेश कुमार राय (गादी-नवादा, चकाई, जमुई) और कैलाशपति मिश्रा (पुरानी बाजार झाझा, जमुई) को गिरफ्तार किया है। दोनों वतर्मान में जसीडीह के मानिकपुर में रहते हैं। इनके पास से पुलिस ने एक इनोवा बरामद की है। साथ ही लूटा गया ट्रक भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।

एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने बताया कि मोहनपुर के थाना क्षेत्र के जयपुर मोड़ के समीप कुछ लोगों के द्वारा एक तार लोड़ ट्रक को पुलिस बता कर रोका गया और गाड़ी का पेपर व लोड तार के कागजात की मांग की गई। लोड तार के कागजात को जाली बताकर ड्राइवर से बदमाशों ने पहले पैसों की मांग की गई। पैसे नहीं मिलने पर नकली पुलिसवालों ने तार लोड़ ट्रक ही लूट लिया। वारदात के बाद ट्रक ड्राइवर दिल्ली निवासी भरत सिंह मोहनपुर थाना पहुंचे और मामले की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। एस़डीपीओ ने बताया कि दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए है, ताकि गैंग के अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी हो सके। छापामारी दल में एसपीडीपो के अलावा मोहनपुर थानेदार संदीप कृष्णा, जमादार राकेश रंजन, सुरेश कुमार रवानी, प्रमोद कुमार और पुलिस बल शामिल थे।