हजारीबाग। गिद्दी (उरीमारी) थाना क्षेत्र में राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में गिरोह का सक्रिय सदस्यअंशु दुबे (22) गोली लगने से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे सदर अस्पताल, हजारीबाग भेज दिया गया है। पुलिस ने उसके पास से एक पिस्टल, जिंदा गोलियां, खोखा और राहुल दुबे गिरोह का पर्चा बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार 26 और 27 अक्टूबर की दरमियानी रात उरीमारी सैनिक माइनिंग कंपनी के गेट पर रंगदारी न देने पर सुरक्षा गार्ड पर जानलेवा फायरिंग की गई थी, जिसमें गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस मामले में बड़कागांव (उरीमारी) थाना कांड संख्या 189/26 दर्ज कर राहुल दुबे और उसके अज्ञात सहयोगियों के खिलाफ जांच शुरू की गई थी।

कांड के खुलासे के लिए एसडीपीओ बड़कागांव अमित आनंद के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया गया था। जांच के दौरान अंशु दुबे की संलिप्तता सामने आई। पूछताछ में उसने गिरोह का सक्रिय सदस्य होने और उरीमारी गोलीबारी की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की।

उसकी निशानदेही पर हथियार बरामदगी के लिए पुलिस टीम जब करमाटिला जंगल पहुंची, तो अंशु दुबे ने वहां छिपाकर रखे हथियार से पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लग गई।