बोकाराे। रोटरी क्लब ऑफ बोकारो स्टील सिटी द्वारा दीपावली का पर्व बड़े ही उत्साह, उमंग और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर रोटरी परिवार के सदस्यों के साथ-साथ रोटरी क्लब ऑफ चास एवं रोटरी क्लब ऑफ बोकारो मिडटाउन कपल्स के सदस्यों को भी आमंत्रित किया गया था, जिससे यह आयोजन और भी विशेष एवं यादगार बन गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ क्लब की अध्यक्ष रोटेरियन पूनम त्रेहान के आत्मीय स्वागत से हुआ। रोटेरियन संध्या राज एवं रोटेरियन चंद्रिमा रे के संयुक्त संयोजन में अनेक मनोरंजक एवं रोचक खेलों का आयोजन किया गया। इनमें सेवन अप-सेवन डाउन, म्यूजिकल गेम्स, पुरुष रोटेरियंस द्वारा फिल्मी अभिनेत्रियों की तरह बिंदी लगाने की मजेदार प्रतियोगिता तथा बच्चों के लिए विशेष रूप से आयोजित विभिन्न मनोरंजक गतिविधियां शामिल थीं। सभी सदस्यों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और इन गतिविधियों का भरपूर आनंद उठाया।

सभी सदस्य सुंदर एवं रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर पहुंचे, जिससे पूरे आयोजन में उत्सव का रंग और भी निखर उठा। कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण ग्रैंड तंबोला रहा, जिसमें कुबेर का खजाना सहित कई आकर्षक पुरस्कार रखे गए थे। इसके अतिरिक्त लकी ड्रॉ के माध्यम से चांदी के सिक्के भी उपहार स्वरूप वितरित किए गए।

रोटेरियन शमिता एवं रोटेरियन उत्पल मुखर्जी द्वारा स्वादिष्ट रात्रिभोज की सुंदर व्यवस्था की गई थी, जिसकी सभी ने सराहना की।

उत्सव के इस आनंदमय अवसर पर सामाजिक संवेदनशीलता एवं सेवा भावना का परिचय देते हुए क्लब के कर्मचारियों के बीच एक माह का राशन भी वितरित किया गया। कार्यक्रम का समापन आतिशबाजी एवं पटाखों के साथ उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ, जिससे चारों ओर खुशियां और उल्लास छा गया। पूरा आयोजन हंसी-खुशी, संगीत, मनोरंजक खेलों, आपसी मेल-मिलाप एवं सौहार्द का सुंदर संगम रहा। सभी सदस्यों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने इस दीपावली उत्सव को अत्यंत सफल एवं यादगार बना दिया।