रामगढ़। जिला पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस गिरोह के 7 सदस्यों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर रामगढ़, रांची, बोकारो और हजारीबाग के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी की कुल 20 मोटरसाइकिलें और 6 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। जांच के दौरान यह बात सामने आई कि यह गिरोह अलग-अलग जिलों से बाइक चुराकर उनके नंबर, इंजन और चेचिस की पहचान बदल देता था। इसके बाद वाहनों को कम कीमत पर बेच दिया जाता था या कबाड़ी दुकानों व गैरेजों में उनके पुर्जे अलग कर दिए जाते थे। इस अवैध नेटवर्क का दायरा रामगढ़, रांची, बोकारो और हजारीबाग तक फैला हुआ था।
5 नवंबर को शहर में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक बिना नंबर प्लेट की नीली हीरो एचएफ डीलक्स बाइक पर सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। भागने की कोशिश कर रहे दोनों युवकों को पुलिस बल ने खदेड़ कर पकड़ लिया।
पूछताछ में उनकी पहचान सोनू राम (26 वर्ष, निवासी- बीटीपीएस, बोकारो) और आर्यन कुमार (19 वर्ष, मूल निवासी- बोकारो, हाल पता- रांची) के रूप में हुई। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने गिरोह के अन्य पांच सदस्यों को भी दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम सोनू राम (बोकारो),आर्यन कुमार (बोकारो / रांची),राकेश कुमार (कबाड़ी कारोबारी, रामगढ़ / मूल निवासी- सीतामढ़ी, बिहार),मो. मंजूर खान (कबाड़ी कारोबारी, रामगढ़ / मूल निवासी- सीतामढ़ी, बिहार),विनेश्वर बेदिया (गैरेज संचालक, महुआटांड़, रामगढ़),
मो. इजाजूल अंसारी (मांडू, रामगढ़) और शमीम अंसारी (पेंक नारायणपुर, बोकारो) है।
पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, और गिरोह के अन्य संदिग्धों की तलाश में छापेमारी जारी है।
