​रांची: गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) को लेकर केंद्रीय मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार द्वारा राहुल गांधी पर भ्रम फैलाने के लगाए गए आरोपों पर प्रदेश कांग्रेस ने पलटवार किया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा के केंद्रीय नेता झारखंड आने पर विकास, रोजगार, महंगाई और जनहित के मुद्दों पर बात करने के बजाय केवल झूठ, भ्रम और कांग्रेस विरोध की राजनीति करते हैं। ऐसा लगता है कि भाजपा के लिए झारखंड अब राजनीतिक झूठ फैलाने की प्रयोगशाला बन चुका है।

​राकेश सिन्हा ने कहा कि डॉ. सुकांत मजूमदार को सबसे पहले यह स्पष्ट करना चाहिए कि यदि एसआईआर की प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी है, तो चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर उठ रहे गंभीर सवालों का जवाब देने से भाजपा क्यों बच रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी लगातार मतदाता सूची की गड़बड़ियों, संदिग्ध विलोपन और प्रक्रियात्मक पारदर्शिता का मुद्दा उठा रही हैं। भाजपा को इन सवालों का तथ्यात्मक जवाब देना चाहिए, न कि चुनावी हार के आंकड़े और फिल्मी संवाद सुनाकर असली मुद्दों से ध्यान भटकाना चाहिए।

​कांग्रेस प्रवक्ता ने आगे कहा कि डॉ. मजूमदार कांग्रेस की 56 चुनावी हार का हिसाब तो गिना रहे हैं, लेकिन देश की जनता आज भाजपा से रिकॉर्ड महंगाई, बढ़ती बेरोजगारी, किसानों की बदहाली और लोकतांत्रिक संस्थाओं की गिरती विश्वसनीयता का हिसाब मांग रही है।