गिरिडीह। धनबाद एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने बुधवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरिडीह साइबर थाना में तैनात सब इंस्पेक्टर पुनीत कुमार गौतम को 30 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। एसीबी ने यह कार्रवाई साइबर थाना के मुख्य गेट के समीप की। अचानक हुई इस गिरफ्तारी से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार सब इंस्पेक्टर पुनीत कुमार गौतम द्वारा रिश्वत मांगे जाने की लिखित शिकायत धनबाद एसीबी को मिली थी। शिकायत के आधार पर एसीबी ने मामले की गुप्त जांच और सत्यापन कराया। सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद टीम ने आरोपी अधिकारी को रंगे हाथ दबोचने के लिए जाल बिछाया।
योजना के अनुसार बुधवार को शिकायतकर्ता तय रकम लेकर साइबर थाना के पास पहुंचा। एसीबी की टीम पहले से ही सादे कपड़ों में आसपास मुस्तैद थी। जैसे ही सब इंस्पेक्टर ने शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार की, घात लगाकर बैठी एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथ धर दबोचा।
मौके पर आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद एसीबी की टीम गिरफ्तार सब इंस्पेक्टर को अपने साथ धनबाद ले गई, जहां उससे आगे की पूछताछ की जा रही है।
