रांची। राज्य सरकार ने चार विभागों के क्षेत्रीय कार्यालयों में प्रस्तावित 836 लिपिक (क्लर्क) पदों की भर्ती प्रक्रिया फिलहाल स्थगित कर दी है। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग के निर्देश के बाद संबंधित विभागों ने झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) को भेजी गई अधियाचनाएं (रिक्विजिशन) वापस ले ली हैं।

जानकारी के अनुसार, नगर विकास एवं आवास, खान एवं भूतत्व, श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास तथा उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की ओर से भेजी गई अधियाचनाएं वापस लेने के साथ ही जेएसएससी को इन पदों पर आगे की नियुक्ति प्रक्रिया रोकने का निर्देश दिया गया है। इन पदों के लिए जेएसएससी ने वर्ष 2023 और 2024 में विज्ञापन जारी किया था। हजारों अभ्यर्थियों ने आवेदन भी कर दिया था और आयोग परीक्षा की तैयारी में जुटा था। इसी बीच सरकार ने नई लिपिकीय नियुक्ति नियमावली लागू करने का निर्णय लिया, जिसके चलते भर्ती प्रक्रिया स्थगित कर दी गई। सरकार के अनुसार, अब नई नियमावली के तहत सभी विभागों के क्षेत्रीय कार्यालयों की रिक्तियों को समेकित रूप से जेएसएससी को भेजा जाएगा। सूत्रों का कहना है कि नई अधियाचना में पदों की संख्या मौजूदा 836 से अधिक भी हो सकती है।

हालांकि, नई अधियाचना कब भेजी जाएगी, भर्ती प्रक्रिया दोबारा कब शुरू होगी और परीक्षा की तिथि क्या होगी, इसे लेकर अभी कोई आधिकारिक समय-सीमा घोषित नहीं की गई है। ऐसे में हजारों अभ्यर्थियों को सरकार और जेएसएससी की अगली घोषणा का इंतजार करना होगा।