रांची। एसआईआर (गहन पुनरीक्षण अभियान) और एमएमडीआर (खान एवं खनिज संशोधन एक्ट) एक्ट पर झारखंड विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र के लिए भाजपा ने भी कमर कस ली है। भाजपा के मुताबिक, एसआईआर और एमएमडीआर एक्ट के जरिए राज्य सरकार नैरेटिव सेट करने में लगी है। इस सत्र के जरिए पार्टी इसे उजागर करेगी। भारतीय जनता पार्टी, प्रदेश कार्यालय में दो दिवसीय झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र की तैयारी को लेकर विधायक दल की बैठक में इस पर चर्चा हुई। इस बैठक में नवीन जयसवाल, राज सिन्हा, कुशवाहा शशिभूषण मेहता, अमित यादव, आलोक चौरसिया, मंजू देवी, नीरा यादव, रौशन लाल चौधरी, उज्ज्वल दास, सी पी सिंह, नागेंद्र महतो सहित अन्य उपस्थित रहे। बैठक के बाद पार्टी के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि एसआईआर और एमएमडीआर एक्ट पर विशेष सत्र सरकार आयोजित कर रही है। इसके विरोध में वह प्रस्ताव लाने की तैयारी में है। नवीन जायसवाल ने कहा कि देश में पहले भी कांग्रेस के शासन काल में 9 बार एसआईआर हो चुका है। एसआईआर भाजपा का नहीं, चुनाव आयोग का दायित्व है। इसके जरिए मृत वोटरों को हटाना, नए वोटरों को जोड़ने सहित दूसरे कार्यों के जरिए मतदाता सूची का शुद्धिकरण किया जाता है। श्री जायसवाल ने कहा कि एसआईआर का कार्य जिलों के डीसी और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों की देख रेख में संपन्न होता है। राज्य सरकार का विरोध दिखाता है कि उसे अपनी ही प्रशासनिक व्यवस्था पर भरोसा नहीं है। उन्होंने आरोप लगाते कहा कि कॉंग्रेस, राजद जैसे दलों को घुसपैठियों, बांग्ला देशी लोगों को वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने की चिंता है।एमएमडीआर एक्ट पर राज्य सरकार के रवैये पर सवाल करते सचेतक ने कहा कि कॉंग्रेस शासित दूसरे राज्यों में भी इसका विरोध नहीं हो रहा है। केवल झारखंड में ही ऐसा दिख रहा है। सरकार चाहती ही नहीं कि वैध तरीके से कोयले की बिक्री हो।दूसरे राज्यों में कोयले की खूब बिक्री हो रही है जबकि यहां स्थिति उल्टी है। प्रेस कांफ्रेंस में विधायक राज सिन्हा और अन्य भी उपस्थित थे।