बोकारो। पुलिस अधीक्षक, बोकारो के निर्देशानुसार तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत सोमवार को सेक्टर-6 थाना क्षेत्र में तंबाकू नियंत्रण कानूनों के अनुपालन को लेकर विशेष छापेमारी एवं जांच अभियान चलाया गया।

यह अभियान सेक्टर-6 थाना प्रभारी विक्रांत कुमार एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि मोहम्मद असलम, जिला परामर्शी, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम, बोकारो के संयुक्त नेतृत्व में संचालित किया गया।

अभियान के दौरान शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में आने वाली कुल आठ दुकानों की जांच की गई। जांच में चार दुकानों पर कोटपा कानून का उल्लंघन पाया गया, जिसके तहत संबंधित दुकानदारों पर कुल 2,000 का जुर्माना लगाया गया।

छापेमारी के दौरान थाना प्रभारी विक्रांत कुमार ने सेक्टर-5 पेट्रोल पंप के सामने स्थित पांडे दुकान के संचालक को सख्त निर्देश दिया कि दुकान के पीछे खुले में किसी भी व्यक्ति को धूम्रपान करने की अनुमति नहीं दी जाए। वहीं, डीपीएस जूनियर स्कूल के आसपास की दुकानों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि वे किसी भी परिस्थिति में तंबाकू उत्पादों की बिक्री न करें।

इस अवसर पर जिला परामर्शी मोहम्मद असलम ने बताया कि कोटपा-2003 एवं झारखंड संशोधन अधिनियम, 2021 के प्रावधानों के अनुसार शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी भवनों, अस्पतालों एवं न्यायालयों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री प्रतिबंधित है। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान एवं तंबाकू सेवन के बाद थूकना भी दंडनीय है। उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार ₹1,000 तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।

उन्होंने दुकानदारों को यह भी चेतावनी दी कि 21 वर्ष से कम आयु के बच्चों को तंबाकू उत्पादों की बिक्री न करें। नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 का उद्देश्य युवाओं एवं आने वाली पीढ़ी को तंबाकू के दुष्प्रभावों से बचाना तथा जिले में तंबाकू मुक्त वातावरण तैयार करना है। इसके लिए नियमित जांच एवं जागरूकता अभियान जारी रहेगा छापेमारी अभियान में थाना प्रभारी विक्रांत कुमार, जिला परामर्शी मोहम्मद असलम सहित सेक्टर-6 थाना की पूरी टीम उपस्थित रही।