1. ​राँची सहित विभिन्न जिलों में कृषि मेला, स्वास्थ्य शिविर और पारंपरिक खेलों का आयोजन
  2. ​चाकुलिया में स्वरोजगार के लिए महिलाओं को मिली 1.21 करोड़ की सहायता

​राँची। झारखंड राज्य स्थापना दिवस के 26वें वर्ष के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे 'स्थापना दिवस पखवाड़ा' के तहत सोमवार को पूरे राज्य में विकास, जनकल्याण और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े कार्यक्रमों की धूम रही। पंचायत से लेकर जिला स्तर तक आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण विकास, कृषि, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और खेल को बढ़ावा देते हुए अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का संदेश दिया गया।

​सैकड़ों परिवारों का पूरा हुआ पक्के मकान का सपना

पखवाड़ा के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), अबुआ आवास योजना, पीएम-जनमन और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के लाभुकों को नए घरों की चाबी सौंपी गई। सरायकेला-खरसावां में सोमवार को 76 परिवारों ने गृह प्रवेश किया (यहाँ 17 से 23 नवंबर के बीच कुल 677 गृह प्रवेश हो चुके हैं)। इसके अलावा कोडरमा में 41, गोड्डा में 29 और जमशेदपुर के चाकुलिया सहित अन्य जिलों में भी लाभुकों को पौधे व बधाई पत्र भेंट कर सम्मानित करते हुए गृह प्रवेश कराया गया।

​महिला सशक्तिकरण और किसानों को मिला संबल

ग्रामीण अर्थव्यवस्था और महिला सशक्तिकरण को गति देने के लिए जेएसएलपीएस के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को आजीविका और पोषण वाटिका से जोड़ा गया। जमशेदपुर के चाकुलिया में 'फूलो-झानो आशीर्वाद योजना' के तहत महिलाओं को स्वरोजगार के लिए 1.21 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता दी गई।

दूसरी ओर, राँची, कोडरमा, जमशेदपुर और पाकुड़ में आयोजित कृषि मेलों व रबी कार्यशालाओं में किसानों को उन्नत बीज, जैविक खेती और फसल बीमा की जानकारी दी गई। पशुपालन व मत्स्य क्षेत्र में राँची के विभिन्न प्रखंडों में 1,023 बकरियों का टीकाकरण हुआ, वहीं गोड्डा के सुंदर डैम में 2.50 लाख मत्स्य अंगुलिकाओं का संचयन कर लाभुकों के बीच 70.22 लाख रुपये से अधिक की परिसंपत्तियों का वितरण किया गया।

​पारंपरिक खेलों और लोककला को मिला मंच

राँची के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल स्तरीय पारंपरिक खेल प्रतियोगिता का आगाज हुआ। इसमें पांच जिलों के लगभग 600 खिलाड़ियों ने तीरंदाजी, गुलेल, हॉकी और फुटबॉल जैसे खेलों में अपना दमखम दिखाया। वहीं बोकारो के ललपनिया, कोडरमा और लातेहार में आयोजित सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं ने जनजातीय परंपराओं और लोककला को प्रोत्साहित किया।

​स्वास्थ्य जांच और सामाजिक जागरूकता अभियान

जनस्वास्थ्य और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी जिलों में विशेष अभियान चलाए गए:

​स्वास्थ्य: जमशेदपुर के बहरागोड़ा में आयोजित मिर्गी जांच शिविर में 30 नए और 61 पुराने मरीजों का इलाज किया गया, जबकि सरायकेला-खरसावां में 65 विद्यार्थियों की मौखिक स्वास्थ्य जांच हुई।

​जागरूकता: लोहरदगा में 53 बच्चों को बाल संरक्षण और चाइल्ड हेल्पलाइन (1098) की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त चतरा, दुमका, पाकुड़ और गोड्डा सहित अन्य जिलों में स्वच्छता, रक्तदान, नशामुक्ति, बाल विवाह रोकथाम और सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।