देवघर। झामुमो नेता ओंकारनाथ बरनवाल के घर हुए लूट मामले का देवघर पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने अंतरप्रांतीय गैंग के चार शातिर बदमाश और दो स्वर्ण व्यवसायियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से हथियार-गोली, कैश-जेवरात समेत अन्य हथियार बरामद हुए हैं। प्रेसवार्ता में एसपी प्रवीण पुष्कर ने बदमाशों की गिरफ्तारी की जानकारी दी। एसपी ने बताया कि उक्त गैंग शहर में हुए चार अन्य चोरी कांडों में भी शामिल थे। यह गैंग चोरी, छिनतई, लूट और डकैती की घटनाओं को अंजाम देते हैं। रविवार देर रात सूचना मिली कि बेलाबगान मोहल्ले के वन विभाग के कर्मचारी आवास की बाउण्ड्रीवाल के पीछे रेलवे लाइन से सटे सूनसान स्थान कुछ बदमाश बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए साजिश रच रहे हैं। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसपी ने एसडीपीओ के नेतृत्व में टीम का गठन कर मौके पर भेजा। पुलिस ने घेर कर सभी बदमाशों को पकड़ा और इनके पास से कैश, जेवरात, हथियार, गोली समेत अन्य सामान बरामद हुए। हालांकि एक बदमाश मौके से भागने में सफल रहा। पूछताछ गिरफ्तार बदमाशों ने पुलिस को बताया कि बेलाबगान मोहल्ले में डकैती की वारदात को अंजाम देना था, इसलिए सारे लोग हथियार-गोली, धारदार हथियार आदि से लैस होकर मौके पर जुटे थे। छापामारी दल में सदर एसडीपीओ कुलदीप कुमार, नगर थाने के दारोगा मुकेश कुमार, सुरज कुमार, सुमंत प्रसाद, घनश्याम गंझू, मो० यासिन अंसारी, मुकेश तिवारी, सीसीआर के दारोगा कौशल कुमार सिंह, जमादार राजू रजवार, कुंडा थानेदार प्रशांत कुमार, रिखिया थानेदार प्रभात कुमार, मोहनपुर थानेदार संदीप कृष्णा, तकनीकी शाखा के पुलिस कर्मी और नगर थाने के रिजर्व गार्ड शामिल थे। एसपी ने बताया कि बदमाशों की निशानदेशी पर लूटा और चुराया गए चांदी के जेवरात दोनों स्वर्ण व्यवसायियों के पास से बरामद हुए हैं।