रांची: स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग झारखंड अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद रांची के नेतृत्व में राज्य को इस वर्ष राष्ट्रीय स्कूल खेलों SGFI की आठ खेल विधाओं की मेजबानी सौंपी गई है। इसकी शुरुआत 26 नवंबर से अंडर-19 बालक एवं बालिका ताइक्वांडो प्रतियोगिता के साथ होगी। आयोजन की तैयारियों एवं सफल संचालन को लेकर खेलगाँव स्थित गणपत राय इंडोर स्टेडियम के समीप राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी सह आयोजन सचिव धीरसेन ए. सोरेंग के नेतृत्व में सभी आयोजन समितियों की बैठक आयोजित की गई।बैठक में पंजीयन, आवासन, स्वागत, परिवहन, लॉजिस्टिक, भोजन, मेडिकल, लाइजनिंग, प्रेस सहित अन्य समितियों के सदस्यों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। सभी समितियों को उनके कार्य एवं दायित्वों की जानकारी देते हुए आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही देशभर से आने वाले खिलाड़ियों एवं पदाधिकारियों के लिए गुणवत्तापूर्ण भोजन, बेहतर आवासन, सुगम परिवहन, आवश्यक लॉजिस्टिक सुविधाओं तथा समुचित चिकित्सा एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

इस अवसर पर राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी सह आयोजन सचिव धीरसेन ए. सोरेंग ने कहा कि झारखंड में पिछले चार वर्षों की भाँति इस वर्ष भी राष्ट्रीय स्कूल खेलों का आयोजन उच्च स्तरीय व्यवस्था, बेहतर समन्वय एवं अनुशासन के साथ करना हमारा लक्ष्य है। देशभर से आने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं पदाधिकारियों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने तथा किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के लिए सभी आवश्यक तैयारियाँ की जा रही हैं।

26 से 30 नवंबर तक आयोजित होने वाली अंडर-19 ताइक्वांडो प्रतियोगिता में 25 राज्यों, 6 केंद्र शासित प्रदेशों एवं 8 अन्य बोर्ड/इकाइयों सहित कुल 39 टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता में 339 बालक एवं 362 बालिकाओं सहित कुल 701 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

इन खिलाड़ियों के साथ कुल 150 कोच, मैनेजर एवं एचओडी भी प्रतियोगिता में शामिल होंगे। इनमें 74 कोच (49 पुरुष एवं 25 महिला), 63 मैनेजर (37 पुरुष एवं 26 महिला) तथा 13 एचओडी (12 पुरुष एवं 1 महिला) शामिल हैं। ये सभी खिलाड़ियों के मार्गदर्शन, प्रबंधन एवं देखरेख की जिम्मेदारी निभाएंगे।