रांची। मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में रविवार को 135वें डूरंड कप फुटबॉल टूर्नामेंट का ऐतिहासिक और भव्य शुभारंभ हुआ। खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, सांसद महुआ माजी और सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने संयुक्त रूप से एशिया के इस सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। राजधानी रांची में पहली बार आयोजित हो रहे इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट को लेकर खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

जमशेदपुर एफसी और डिफेंडर्स एफसी के बीच खेले जाने वाले उद्घाटन मुकाबले से ठीक पहले मनमोहक सांस्कृतिक और साहसिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ।

सेना के जवानों ने हेलीकॉप्टर और ग्लाइडर प्लेन से स्टेडियम के ठीक ऊपर से उड़ान भरकर दर्शकों में रोमांच भर दिया। झारखंड के स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक पाईका नृत्य पेश कर राज्य की संस्कृति की छटा बिखेरी। गोरखा रेजिमेंट के जवानों ने खुखरी मार्शल आर्ट के हैरतअंगेज करतब दिखाए, वहीं सिख जवानों की ऊर्जावान भांगड़ा प्रस्तुति पर पूरा स्टेडियम झूम उठा। कार्यक्रम के दौरान लगातार हुई आतिशबाजी ने पूरे माहौल को उत्सव के रंग में रंग दिया।

टूर्नामेंट में मैच देखने की दीवानगी खेल प्रेमियों के सिर चढ़कर बोली। दोपहर 2:00 बजे जैसे ही स्टेडियम के गेट खोले गए, दर्शकों का सैलाब उमड़ पड़ा। शाम 5:00 बजे मुकाबला शुरू होने से काफी पहले ही पूरा स्टेडियम प्रशंसकों से भर चुका था। आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए झारखंड पुलिस और सेना के संयुक्त तत्वावधान में सुरक्षा के बेहद कड़े और पुख्ता इंतजाम किए गए थे।