साहिबगंज। आंध्र प्रदेश के तिरुपति स्थित सोनोविजन इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान से दो करोड़ रुपये के स्मार्टफोन और इलेक्ट्रॉनिक सामानों की हुई भीषण चोरी का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। साहिबगंज (झारखंड) और आंध्र प्रदेश पुलिस ने एक संयुक्त छापेमारी में तीन अंतरराज्यीय शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर 42 आईफोन समेत कुल 200 कीमती स्मार्टफोन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
मामले की जानकारी देते हुए साहिबगंज के पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि आंध्र प्रदेश पुलिस ने इस गिरोह की गिरफ्तारी और सामान की बरामदगी के लिए उनसे संपर्क कर सहयोग मांगा था।
एसपी के निर्देश पर राजमहल एसडीपीओ के नेतृत्व में राधानगर थाना पुलिस की टीम गठित की गई। गुप्त सूचना के आधार पर राधानगर पुलिस और तिरुपति बालाजी क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने पश्चिम बंगाल के फरक्का क्षेत्र में छापेमारी कर तीनों मुख्य आरोपियों को धर दबोचा।
पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी साहिबगंज के राधानगर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। आरोपियों में आलम शेख (उत्तर पियारपुर)का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। इसके खिलाफ उत्तर प्रदेश के मऊ कोतवाली थाना समेत देश के कई राज्यों में चोरी और अन्य गंभीर मामलों में केस दर्ज हैं।टोनिक शेख (खट्टीटोला) के विरुद्ध महाराष्ट्र के दौलताबाद में डकैती और पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में चोरी का मामला दर्ज है और एक बसीरुद्दीन शेख (पियारपुर) है।
