अनगड़ा। सिल्ली विधानसभा क्षेत्र के विधायक अमित कुमार ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर अनगड़ा और सिल्ली प्रखंड की रेलवे भूमि पर पहुंच पथ (एप्रोच रोड) निर्माण के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी करने का आग्रह किया। इस दौरान राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा भी मौजूद रहे और उन्होंने भी मांगों का समर्थन किया।

विधायक अमित कुमार ने रेल मंत्री को सौंपे ज्ञापन में कहा कि आजादी के दशकों बाद भी क्षेत्र के कई गांव पहाड़ी और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण पक्की सड़कों से नहीं जुड़ सके हैं। ग्रामीणों को रेलवे लाइन के किनारे बने कच्चे रास्तों से आवागमन करना पड़ता है, जो बरसात में गड्ढों और जलभराव के कारण बेहद कठिन हो जाता है।

उन्होंने अनगड़ा प्रखंड में गौतमधारा-हेसलाबेड़ा (3 किमी), चतमा-जीदू (500 मीटर एवं एक आरयूबी), डुमरगढ़ी रेलवे फाटक-डुमरगढ़ी गांव (1 किमी), गौतमधारा-मथाईनजारा (1 किमी), चतमा-गोवरबेड़ा (1 किमी), चतमा-छोटकी चतमा (2 किमी) तथा बरवादाग जिन्तुपीढ़ी से पहाड़सिंह गांव तक एनएच के आरयूबी से 500 फीट सड़क निर्माण के लिए एनओसी जारी करने की मांग की।

इसके अलावा सिल्ली प्रखंड के बांसारूली-बिसरिया, लोवापीढ़ी-सिल्ली मार्केट तथा सिल्लीडीह-इतिहास धरमपुर पथ के निर्माण के लिए भी रेलवे से अनापत्ति देने का अनुरोध किया गया।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने विधायक की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई और सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।