​सिल्ली। सिल्ली स्टेडियम में शनिवार को करम अखाड़ा समिति के तत्वावधान में विधानसभा स्तरीय 'आखड़ाय करम महोत्सव' का भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम में प्रकृति, परंपरा और लोक संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला, जहाँ ढोल-नगाड़ों और मांदर की थाप पर पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो, गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी समेत कई गणमान्य अतिथियों ने ग्रामीणों के साथ सामूहिक करम नृत्य किया।

​समारोह को संबोधित करते हुए आजसू पार्टी अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कहा कि आखड़ाय करम महोत्सव हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, भाईचारे और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं को अपनी भाषा, संस्कृति और लोककला से जोड़ने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुँचाने और उन्हें अलग पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

​इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में मांडू विधायक निर्मल महतो, पूर्व विधायक लंबोदर महतो, लोक कलाकार बुटन देवी, जिला परिषद उपाध्यक्ष वीणा चौधरी, अंतरराष्ट्रीय लॉन बॉल खिलाड़ी दिनेश महतो और आयोजन समिति के जयपाल सिंह समेत क्षेत्र के कई गणमान्य लोग एवं भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।