रामगढ़।रामगढ़-रांची मार्ग पर स्थित चुटूपालू घाटी में शुक्रवार (6 नवंबर) को एक बार फिर भीषण सड़क हादसा हुआ। एक अनियंत्रित कंटेनर ट्रक (एनएल01एसीओ3332) का अचानक ब्रेक फेल हो गया, जिससे चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और वह आगे चल रहे कई वाहनों, एक स्कूटी, एक मोटरसाइकिल और सड़क किनारे खड़ी 3-4 कारों को अपनी चपेट में लेते हुए डिवाइडर पार कर दूसरी तरफ जा पहुंचा।
इस हादसे में दर्जनों लोग घायल हुए हैं, जिन्हें रामगढ़ सदर और अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। घटना के बाद मौके पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से वाहनों को हटाकर सुचारू कराया गया।
चुट्टूपालू घाटी में लगातार हो रहे इन हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और इसकी संरचनात्मक खामियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और विशेषज्ञों का मानना है कि केवल दावों से काम नहीं चलेगा, बल्कि घाटी के ढलान और तकनीकी सुधार के लिए स्वीकृत 200 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं को जल्द से जल्द धरातल पर उतारना होगा।
