रामगढ़। रांची में जेपीएससी, जेएसएससी, सीजीएल समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली और अनियमितताओं के विरोध में आंदोलन कर रहे छात्रों पर पुलिसिया कार्रवाई के खिलाफ मंगलवार को आहूत झारखंड बंद का रामगढ़ में असर देखने को मिला। बंद के समर्थन में भाजपा के कार्यकर्ता जिले के विभिन्न प्रखंडों और मंडलों में सड़क पर उतरे और विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा रामगढ़ जिलाध्यक्ष संजय कुमार बाबला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रामगढ़ शहर समेत विभिन्न क्षेत्रों में प्रदर्शन कर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। रामगढ़ शहर में सुबह करीब नौ बजे भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर आवागमन बाधित किया। सुभाष चौक के आसपास जेसीबी और बैरिकेडिंग के कारण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई, वहीं मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। हालांकि आवश्यक और आकस्मिक सेवाओं से जुड़े वाहनों का आवागमन सामान्य रहा। इस दौरान जिलाध्यक्ष संजय कुमार बाबला ने कहा कि अपने अधिकार और न्याय की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे छात्र-छात्राओं पर रांची में पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याओं को सुनकर समाधान निकालने के बजाय उन पर बल प्रयोग करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुरूप नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन सरकार छात्रों और युवाओं की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। भाजपा छात्रों और युवाओं के साथ खड़ी है और उनके न्यायपूर्ण संघर्ष को मजबूती से उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि झारखंड का गठन लोकतांत्रिक आकांक्षाओं और बेहतर भविष्य के लिए हुआ है, ऐसे में लाठी-डंडे के बल पर आवाज दबाने की राजनीति स्वीकार नहीं की जाएगी।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि JPSC, JSSC और CGL जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की अनियमितता और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।

बंद के दौरान रामगढ़ के विभिन्न प्रखंडों और मंडलों में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर राज्य सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया और आंदोलनरत छात्रों के प्रति अपना समर्थन जताया।