रामगढ़। जिलेभर में गणेश महोत्सव भक्ति और श्रद्धा के साथ शुरू हो गया है। पतरातू, भुरकुंडा, वेस्ट बोकारो, रजरप्पा, गोला और रामगढ़ शहर में आकर्षक पंडालों के साथ भगवान गणेश की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं।

रामगढ़ शहर के गोला रोड, गोरियारी बागी, कोयरी टोला, साहू मोहल्ला, बिजुलिया तालाब रोड, नेहरू रोड और किला मंदिर के पास गणेश पूजा का आयोजन किया गया है। गोला रोड चट्टी बाजार में रामगढ़ युवा संघ की ओर से 14 से 18 सितंबर तक गणेश महोत्सव मनाया जा रहा है।

यहां रामेश्वरम मंदिर की तर्ज पर भव्य पंडाल बनाया गया है। कोलकाता से आए कारीगरों ने आकर्षक विद्युत सज्जा की है। भगवान गणेश की विशाल प्रतिमा के साथ 501 किलो का लड्डू श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

सोमवार को पूर्वाह्न 11 बजे पूजा-अर्चना शुरू हुई। महाआरती के बाद श्रद्धालुओं के बीच पूड़ी, खीर, हलवा और चना की सब्जी का प्रसाद वितरित किया गया। मंगलवार को खिचड़ी का भोग लगाकर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद बांटा जाएगा।