रांची। झारखंड में शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) के आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। राज्य भर में आगामी 1 नवंबर को 986 परीक्षा केंद्रों पर इस परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी, कदाचार मुक्त और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने एक विस्तृत और सख्त मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी की है।
सभी परीक्षा केंद्रों को रिजर्व ओएमआर शीट उपलब्ध कराई जाएगी। किसी भी आपात परिस्थिति में केंद्राधीक्षक को यदि रिजर्व ओएमआर शीट का लिफाफा खोलना पड़ता है, तो इसकी तुरंत सूचना जैक को देना अनिवार्य होगा।
परीक्षार्थियों को सही प्रश्नपुस्तिका और ओएमआर शीट उपलब्ध कराने, वीक्षकों की ड्यूटी तय करने तथा परीक्षा सामग्री का सटीक हिसाब-किताब रखने की पूरी जिम्मेदारी केंद्राधीक्षक की होगी।
सभी 986 केंद्रों पर अभ्यर्थियों के बैठने की समुचित व्यवस्था के साथ सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह चालू हालत में रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा पीने का पानी, शौचालय और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए विशेष सुविधाएं सुनिश्चित करना अनिवार्य किया गया है।
परीक्षा समाप्त होने के बाद सभी केंद्राधीक्षकों को संबंधित जिले के शिक्षा पदाधिकारी को सुरक्षा और कुशलता से जुड़ा 'खैरियत प्रतिवेदन' सौंपना होगा।
