मेदिनीनगर। नावाबाजार थाना क्षेत्र के बसना गांव की रहने वाली गीता देवी अपहरण और हत्याकांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। विजयादशमी की रात पूजा पंडाल से लौट रही महिला का अपहरण कर लूटपाट, सामूहिक दुष्कर्म और फिर गला दबाकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने प्रेसवार्ता कर इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा किया।
एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि गत 20 अक्टूबर को मृतका गीता देवी (पति- शशि पासवान) विजयादशमी की रात पूजा पंडाल घूमकर अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में चार युवकों ने उसे दबोच लिया और सुनसान इलाके में ले जाकर उसके जेवरात लूट लिए।
इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। जब महिला ने उनमें से एक आरोपी को पहचान लिया और शोर मचाने लगी, तो पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने बेरहमी से उसकी पिटाई की और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। घटना के अगले दिन यानी 21 अक्टूबर को उसका क्षत-विक्षत शव एक धान के खेत से बरामद हुआ था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए यह पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई थी, वहीं ग्रामीणों में भी भारी आक्रोश व्याप्त था। इसे लेकर एसपी ने बिश्रामपुर एसडीपीओ चिरंजीवी मंडल के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल का गठन किया था।
एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य संदिग्ध दीप रंजन पांडेय उर्फ छोटू (पिता- राकेश पांडेय, ग्राम राजहरा) को डालटनगंज जाने के क्रम में हिरासत में लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने इस पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए अन्य आरोपियों को भी धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों में दीप रंजन पांडेय उर्फ छोटू (पिता- राकेश पांडेय, ग्राम राजहरा),रोहित पांडेय (पिता- तरुण पांडेय, ग्राम राजहरा),आकाश शुक्ला (पिता- अजय शुक्ला, ग्राम चौरा, लेस्लीगंज) और विक्की पासवान (पिता- राजेश पासवान, ग्राम लोहड़ी, पंडवा) शामिल है।
एसपी ने बताया कि इनमें से आकाश कुमार, दीप रंजन और विक्की का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। आरोपी आकाश इसी साल अगस्त माह में ही जेल से छूट कर बाहर आया था। ये सभी पहले भी लूटपाट, चोरी और अवैध हथियार रखने के मामलों में जेल जा चुके हैं।
प्रेसवार्ता में पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उन्होंने पूछताछ में खुलासा किया कि 20 अक्टूबर की रात सभी ने नशा किया था और नेशनल हाईवे पर लूटपाट की योजना बनाई थी। इसी दौरान गीता देवी अकेली उस रास्ते से गुजर रही थी, जिसे उन्होंने अपनी हवस और लूट का शिकार बना लिया।
पुलिस ने कहा कि सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि के लिए डीएनए टेस्ट कराया जाएगा। इसके अलावा, हत्या में प्रयुक्त चोरी की एक मोटरसाइकिल (JH14M-7086), खून व मिट्टी लगे अभियुक्तों के कपड़े, रस्सी और मोबाइल फोन भी बरामद कर लिए गए हैं।
