रांची। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने आगामी छठ महापर्व के मद्देनजर शहर के प्रमुख छठ घाटों कांके डैम, हटनिया तालाब, चड़री तालाब, बड़ा तालाब, धुर्वा डैम और बटन तालाब का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने पर्व के दौरान साफ-सफाई, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और जल की स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
उपायुक्त ने नगर निगम को पर्व से पूर्व सभी घाटों पर सघन सफाई, काई हटाने और डीडीटी छिड़काव के निर्देश दिए। साथ ही, धुर्वा डैम और अन्य घाटों पर आवागमन को सुगम बनाने, अस्थायी चेंजिंग रूम बनाने तथा एनडीआरएफ की टीम को तैनात रखने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा, उन्होंने बारह पड़हा जतरा पूजा समिति, मिसिर गोंदा पहुंचकर जतरा मेला की तैयारियों का जायजा लिया और पहुंच मार्ग से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
प्रशासन ने सभी छठ पूजा समितियों से अपील की है कि वे महापर्व को सुचारु, सुरक्षित और भव्य तरीके से संपन्न कराने में जिला प्रशासन का पूर्ण सहयोग करें। इस दौरान अपर जिला दंडाधिकारी, ट्रैफिक एसपी, एसडीएम सदर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और पूजा समितियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
