रांची। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रांची के ग्रामीण क्षेत्रों-दलादली चौक, तिलता चौक एवं ओरमांझी में व्यापक सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। परिवहन सचिव राजीव रंजन की उपस्थिति में आयोजित इस अभियान में वाहन चालकों, दुकानदारों और स्थानीय लोगों को सुरक्षित यातायात का संदेश दिया गया।

परिवहन सचिव ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए कहा कि नागरिकों के जीवन की रक्षा करना और उनमें 'नागरिक चेतना' विकसित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़क सुरक्षा को केवल प्रशासन की जिम्मेदारी न मानकर व्यक्तिगत और सामाजिक दायित्व के रूप में अपनाना जरूरी है।

अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चला रहे लगभग 600-700 चालकों को रोका गया। उन्हें सजा देने के बजाय माला पहनाकर, मुंह मीठा कराकर और मुफ़्त हेलमेट व पंपलेट देकर सुरक्षा नियमों के पालन की अपील की गई।

लोगों को जागरूक करने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों और नुक्कड़ नाटकों का सहारा लिया गया, जिसमें 'यमराज' के प्रतीकात्मक पात्र के जरिए नियमों के उल्लंघन के घातक परिणामों को रोचक ढंग से दर्शाया गया।

स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों से सड़कों पर अवैध पार्किंग न करने तथा फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त रखने का आग्रह किया गया ताकि यातायात सुचारू बना रहे।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को यातायात नियमों का निष्ठापूर्वक पालन करने की शपथ दिलाई गई। विभाग ने स्पष्ट किया कि सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए ऐसे जागरूकता अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

कार्यक्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार, मोटर वाहन निरीक्षक राहुल सिद्धार्थ, आईटी असिस्टेंट कविता कुमारी, सड़क सुरक्षा अभियंता गौरव कुमार व अभय कुमार, सड़क सुरक्षा मित्र आशुतोष द्विवेदी तथा ट्रैफिक पुलिस के जवान उपस्थित थे।