बोकारो। इस्पातनगरी बोकारो इस वर्ष 27 से 30 दिसंबर तक 36वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता (बालिका) की मेजबानी करेगा। कबड्डी एसोसिएशन के तत्वावधान में सेक्टर-4 स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में देशभर से करीब 600 बालिका खिलाड़ियों के शामिल होने की संभावना है।

शनिवार को डीपीएस बोकारो में आयोजित प्रेसवार्ता में प्राचार्य डॉ. एएस गंगवार और झारखंड कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष गोपाल ठाकुर ने इसकी जानकारी दी। वक्ताओं ने इसे झारखंड के लिए गर्व का विषय बताते हुए कहा कि इससे बोकारो को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी।

आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के अलावा द्रोणाचार्य और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित हस्तियां तथा भारतीय सीनियर टीम के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी शामिल होकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाएंगे। खिलाड़ियों के ठहरने और मुकाबले के लिए डीपीएस परिसर में विशेष व्यवस्था की जा रही है।