रांची। राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के न्यूरोसर्जरी विभाग ने चिकित्सा क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। रिम्स के डॉक्टरों ने धनबाद की 42 वर्षीय सोनिया खातून (जो न्यूरोफाइब्रोमैटोसिस और ओलिगोडेंड्रोग्लियोमा से पीड़ित थीं) का सफल ब्रेन ट्यूमर ऑपरेशन किया है।

अनेक स्वास्थ्य समस्याओं के कारण यह ऑपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण था, जिसके लिए विभिन्न विभागों से चिकित्सकीय क्लीयरेंस ली गई। न्यूरोसर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. आनंद प्रकाश के नेतृत्व में टीम ने मस्तिष्क में महज एक इंच का चीरा लगाकर ट्यूमर को सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया।

इस जटिल सर्जरी में डॉ. आनंद प्रकाश, डॉ. नारायण और डॉ. कुमार दीपक (न्यूरोसर्जरी टीम) के साथ-साथ डॉ. मुकेश, डॉ. राजेश, डॉ. वशिष्ठ, डॉ. क्षितिज और डॉ. अधिश्री (एनेस्थीसिया टीम) ने अहम भूमिका निभाई। फिलहाल मरीज डॉक्टरों की निगरानी में हैं और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की उम्मीद है। यह सफलता सटीक योजना और आपसी समन्वय का बेहतरीन उदाहरण है।