रांची। राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत, आधुनिक, हाईटेक एवं पारदर्शी बनाने की महत्वपूर्ण पहल स्वास्थ्य विभाग ने की है। सभी 24 जिलों के सदर अस्पतालों को डिजिटल सेवाओं एवं ऑनलाइन व्यवस्था से जोड़ने की प्रक्रिया का मंगलवार को शुभारंभ किया गया। विभाग और रॉडिक कंपनी के बीच इसके लिए स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी की उपस्थिति में एमओयू हुआ। इस पहल का उद्देश्य अस्पतालों की कार्यप्रणाली में आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग करना है।

नई डिजिटल व्यवस्था लागू होने के बाद सदर अस्पतालों में डिजिटल बोर्ड एवं ऑनलाइन माध्यम से मरीजों को अस्पताल में उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं की जानकारी मिल सकेगी। अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाएं, ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों की जानकारी, उपलब्ध दवाओं की स्थिति तथा अन्य आवश्यक सूचनाओं को डिजिटल माध्यम से प्रदर्शित करने की व्यवस्था विकसित की जाएगी। इससे मरीजों और उनके परिजनों को जानकारी के लिए अलग-अलग काउंटरों एवं विभागों के चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी। एक ही स्थान पर आवश्यक जानकारी उपलब्ध होने से समय की बचत होगी।

स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के अनुसार, स्वास्थ्य सेवा का मतलब केवल अस्पतालों का निर्माण और इलाज उपलब्ध कराना नहीं है, बल्कि मरीज को सही समय पर सही जानकारी और गुणवत्तापूर्ण सेवा उपलब्ध कराना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। राज्य में चरणबद्ध तरीके से डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत किया जाना है। इस पहल के माध्यम से राज्य के सदर अस्पतालों में डिजिटल सूचना प्रणाली को मजबूत किया जाएगा। अस्पतालों में उपलब्ध संसाधनों, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य महत्वपूर्ण गतिविधियों से संबंधित सूचनाओं को डिजिटल माध्यम से प्रदर्शित किए जाने से पारदर्शिता, जवाबदेही और निगरानी व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य विभाग अजय कुमार सिंह ने मौके पर कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में डिजिटल तकनीक के उपयोग की व्यवस्था से न केवल मरीजों को बेहतर सूचना उपलब्ध होगी, बल्कि अस्पतालों की सेवाओं और संसाधनों की निगरानी भी अधिक प्रभावी तरीके से की जा सकेगी।