रांची। गिरिडीह के सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने आगामी 9 अक्टूबर 2026 को रांची में होने वाले भारत बनाम वेस्ट इंडीज टी-20 क्रिकेट मैच के टिकटों के दामों में हुई अप्रत्याशित वृद्धि और निःशुल्क (कॉम्प्लिमेंट्री) टिकटों के आवंटन को लेकर झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव को पत्र लिखा है। सांसद ने पत्र के जरिए टिकट दर कम करने और बीसीसीआई के नियमों का कड़ाई से पालन करने की मांग की है।
सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने अपने पत्र में कहा है कि अन्य राज्यों के क्रिकेट संघों की तुलना में रांची में मैच के टिकटों का मूल्य काफी अधिक रखा गया है, जो तर्कसंगत नहीं है और आम क्रिकेट प्रेमियों व युवाओं के हित के खिलाफ है। उन्होंने जेएससीए अध्यक्ष से बढ़े हुए टिकट मूल्यों को तत्काल प्रभाव से वापस लेने की अपील की है।
पत्र में बीसीसीआई संविधान 2018 के नियम 37(8) का स्पष्ट उल्लेख करते हुए सांसद ने ध्यान दिलाया कि किसी भी अंतरराष्ट्रीय मैच के लिए स्टेडियम की कुल सीट क्षमता का अधिकतम 10 प्रतिशत हिस्सा ही कॉम्प्लिमेंट्री/मुफ्त टिकट के रूप में आवंटित किया जा सकता है। शेष 90 प्रतिशत टिकट सभी श्रेणियों में आम जनता, युवाओं और क्रिकेट प्रेमियों के लिए बिक्री हेतु उपलब्ध कराए जाने का प्रावधान है।
सांसद ने जेएससीए प्रबंधन से आग्रह किया है कि वे बीसीसीआई के इस नियम का पूरी निष्ठा से पालन करें ताकि आम प्रशंसकों को आसानी से टिकट मिल सके।
सांसद ने पत्र में स्पष्ट किया कि यह कदम उन्होंने जनहित और झारखंड के क्रिकेट प्रेमियों की आवाज को जेएससीए तक पहुंचाने के उद्देश्य से उठाया है। उन्होंने यह चेतावनी भी दी कि यदि नियमों की अनदेखी या वित्तीय विसंगतियां पाई जाती हैं, तो इसके लिए संघ स्वयं जिम्मेदार होगा। उन्होंने कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी तो वे इस मामले को बीसीसीआई के सक्षम प्राधिकार और संसद के पटल पर भी मजबूती से उठाएंगे।
