रांची। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने झारखंड के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष बिरेंद्र प्रधान को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देते हुए राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। साथ ही पार्टी के एकमात्र विधायक जनार्दन पासवान को प्रदेश अध्यक्ष बनाया है| ज्ञात हो कि 26 वर्षों से पार्टी एवं संगठन से जुड़े श्री प्रधान ने विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए झारखंड में संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को एकजुट करने में अहम भूमिका निभाई है। उनके लंबे संगठनात्मक अनुभव और समर्पण को देखते हुए राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दिया जाना झारखंड के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नई जिम्मेदारी मिलने पर श्री प्रधान ने राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसे वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि पद और जिम्मेदारियां बदल सकती हैं, लेकिन पार्टी की विचारधारा, संगठन के प्रति निष्ठा और कार्यकर्ताओं के साथ उनका संबंध सदैव कायम रहेगा। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में भी वे संगठन के विस्तार और नई पीढ़ी को पार्टी से जोड़ने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।जनार्दन पासवान को झारखंड प्रदेश का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर बिरेंद्र प्रधान ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया।