चतरा। जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र में पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक बाइक की डिक्की से 600 ग्राम अवैध अफीम बरामद करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान लावालौंग थाना क्षेत्र के मंधनिया गांव निवासी मुकेश कुमार गंझू (25 वर्ष), पिता सुरेश गंझू के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से अफीम के अलावा एक मोबाइल फोन और एक हीरो सीडी डीलक्स बाइक भी जब्त की है।

बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब ने मामले का खुलासा करते हुए पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एसएसबी और लावालौंग थाना पुलिस की संयुक्त टीम क्षेत्र में एंटी-क्राइम चेकिंग और सर्च अभियान चला रही थी।

अभियान के दौरान सुरक्षा बल पसागम से होसिर की ओर लौट रहे थे, तभी होसिर से पसागम की ओर से आ रहे दो बाइक सवार पुलिस को देखते ही घबराकर भागने लगे। शक होने पर पुलिस टीम ने तुरंत उनका पीछा किया और घेराबंदी कर एक बाइक सवार को दबोच लिया, जबकि उसका दूसरा साथी मौके का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।

पुलिस ने पकड़े गए युवक की बाइक की डिक्की की तलाशी ली, तो उसमें से 600 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस फरार दूसरे आरोपी की तलाश में जुट गई है और गिरफ्तार युवक से पूछताछ के आधार पर इस अवैध धंधे में शामिल अन्य लोगों का पता लगाया जा रहा है।